उत्तर प्रदेश : रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे जल्द ही गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई के लिए दो नई अमृत भारत ट्रेनों का संचालन शुरू करने जा रहा है। इन ट्रेनों के शुरू होने से पूर्वांचल और अवध क्षेत्र के हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी, जिन्हें वर्तमान में सीटों की भारी कमी का सामना करना पड़ता है।
यात्रियों की बढ़ती मांग के बाद लिया गया फैसला
गोरखपुर से दिल्ली और मुंबई मार्ग पर पहले से कई ट्रेनें संचालित होने के बावजूद यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। इसी को देखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने दो अतिरिक्त अमृत भारत ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। फिलहाल इन ट्रेनों का अंतिम समय-सारणी निर्धारण प्रक्रिया में है और प्रस्ताव रेलवे बोर्ड को मंजूरी के लिए भेजा गया है। उम्मीद है कि अगले सप्ताह तक अंतिम स्वीकृति मिल सकती है।
किराया रहेगा आम यात्रियों की पहुंच में
वर्तमान में गोरखपुर-दिल्ली मार्ग पर संचालित अमृत भारत ट्रेनों का किराया लगभग 490 से 505 रुपये के बीच है। इसी आधार पर नई दिल्ली रूट की ट्रेनों का किराया भी इसी दायरे में रहने की संभावना है। वहीं गोरखपुर-मुंबई अमृत भारत ट्रेन का संभावित किराया 740 से 800 रुपये के बीच हो सकता है।
रोजाना हजारों यात्रियों को मिलेगा लाभ
नई ट्रेनों के संचालन से प्रतिदिन करीब 3200 यात्रियों को अतिरिक्त यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। इससे लंबी प्रतीक्षा सूची और टिकट संकट में भी काफी कमी आने की उम्मीद है।
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी ट्रेनें
नई अमृत भारत ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। ट्रेन में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। साथ ही टॉक-बैक सिस्टम की सुविधा भी होगी, जिससे आपात स्थिति में यात्री सीधे लोको पायलट और ट्रेन प्रबंधक से संपर्क कर सकेंगे।
130 किमी प्रति घंटे की रफ्तार, 1834 यात्रियों की क्षमता
प्रत्येक ट्रेन में 22 कोच होंगे और एक बार में 1834 यात्री सफर कर सकेंगे। ट्रेनों की अधिकतम गति 130 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित की गई है। रेलवे सूत्रों के अनुसार, दोनों ट्रेनों के रेक जल्द ही गोरखपुर पहुंच सकते हैं, जिसके बाद संचालन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच जाएंगी।
