मुंबई। मशहूर निर्माता एकता कपूर अपना नया शो ‘दिल की बेवफाइयाँ’ लेकर आ रही हैं। इसमें गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या पहली बार एक साथ नजर आएंगे। एकता कपूर ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर बताया कि इस शो की कहानी के पीछे एक दिलचस्प सवाल है—क्या एक ही शादी में एक साथी अपनी जिंदगी से खुश हो सकता है, जबकि दूसरे के मन में अधूरी ख्वाहिशें बाकी हों?
शो में श्रद्धा आर्या जानकी और गौरव खन्ना मानव की भूमिका निभा रहे हैं। जानकी अपने पति के साथ बनाई गई जिंदगी और रोजमर्रा के छोटे-छोटे पलों में खुश है। वहीं मानव जिंदगी के इस पड़ाव पर सोचता है कि अब वह अपने लिए क्या करना चाहता है।
रिश्तों में ठहराव और नएपन की कहानी
एकता कपूर का कहना है कि हर इंसान जिंदगी में नए अनुभवों का रोमांच और रिश्तों का सुकून, दोनों चाहता है। कभी कुछ नया करने की इच्छा होती है, तो कभी अपनों के साथ स्थिर जिंदगी की जरूरत महसूस होती है।
एकता इसी उलझन को मानव और जानकी के जरिए पर्दे पर दिखाना चाहती हैं। शो में यह देखने को मिलेगा कि लंबे समय तक साथ रहने के बावजूद पति-पत्नी की इच्छाएं और भविष्य को लेकर सोच अलग हो सकती है।
यह रोमांटिक फैमिली ड्रामा 24 नवंबर 2026 से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा।
