रीवा हादसे से जैन समाज में उबाल, दो साध्वियों की मौत के बाद आज देशभर में प्रदर्शन

3 Min Read

रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में कलेक्ट्रेट के सामने हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे देश के जैन समाज को झकझोर कर रख दिया है। इस हादसे में दो जैन साध्वियों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य साध्वी गंभीर रूप से घायल हैं और उनका अस्पताल में इलाज जारी है। घटना के बाद समाज में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। अब 25 मई को जैन समाज ने देशव्यापी विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है।

पैदल भ्रमण के दौरान तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार 20 मई को तीनों जैन साध्वियां रीवा कलेक्ट्रेट के सामने दोपहर के समय पैदल भ्रमण कर रही थीं। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भीषण था कि पूज्य श्रुति मति माता की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उपसमिति माता और साध्वी आर्यिका माता गंभीर रूप से घायल हो गईं। बाद में इलाज के दौरान उपसमिति माता ने भी दम तोड़ दिया। फिलहाल साध्वी आर्यिका माता की हालत गंभीर बनी हुई है।

हादसे के बाद फरार हुआ चालक, जबलपुर से गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद आरोपी चालक रशीद आबाद अली शाह मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। कमिश्नर बीएस जामोद, डिप्टी कमिश्नर नरेंद्र सूर्यवंशी और एसपी गुरुकरण सिंह ने अस्पताल पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।

जैन समाज ने उठाई न्यायिक जांच की मांग

इस हादसे के बाद जैन समाज में भारी नाराजगी है। समाज के लोगों का कहना है कि इसे सामान्य सड़क हादसा नहीं माना जाना चाहिए। उन्होंने पूरे मामले की उच्च स्तरीय न्यायिक जांच कराने की मांग की है।

इसके साथ ही देशभर में संतों और साध्वियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ‘संत सुरक्षा नीति’ लागू करने की मांग भी तेज हो गई है।

आज देशभर में विरोध प्रदर्शन

जैन समाज ने 25 मई को देशभर में विरोध प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। विभिन्न शहरों में शांतिपूर्ण प्रदर्शन, ज्ञापन और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। समाज का कहना है कि जब तक दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती और संतों की सुरक्षा को लेकर ठोस नीति नहीं बनती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।

Share this Article