CBSE में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: चेयरमैन और सचिव का तबादला, OSM विवाद पर जांच तेज

2 Min Read

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव देखने को मिला है। सरकार ने बोर्ड के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया है। यह कदम ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली को लेकर उठे विवाद के बीच महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

OSM विवाद के बाद सरकार का सख्त रुख

CBSE की ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) सेवा में कथित अनियमितताओं और तकनीकी खामियों को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिल रही थीं। इसी के बाद शिक्षा मंत्रालय ने मामले की उच्च स्तरीय जांच शुरू की है।

सरकार का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी भी स्तर पर गड़बड़ी या नियमों की अनदेखी पाई जाती है, तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों का तबादला

तबादले के तहत IAS राहुल सिंह, जो CBSE के चेयरमैन के रूप में बोर्ड की परीक्षा प्रणाली और सुधारों की जिम्मेदारी संभाल रहे थे, अब नई भूमिका में भेजे गए हैं।वहीं IAS हिमांशु गुप्ता, जो सचिव के तौर पर प्रशासन, वित्त और संबद्धता (Affiliations) जैसे महत्वपूर्ण कार्य देख रहे थे, उनका भी स्थानांतरण किया गया है।

जांच समिति का गठन, टेंडर प्रक्रिया की होगी जांच

सरकार ने OSM सेवाओं की खरीद प्रक्रिया की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है। यह समिति यह पता लगाएगी कि टेंडर प्रक्रिया, प्रोक्योरमेंट सिस्टम और संबंधित कंपनियों की भूमिका में कहीं कोई अनियमितता तो नहीं हुई।

जांच पूरी होने के बाद समिति सरकार को विस्तृत रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी।

एक महीने में रिपोर्ट देने का आदेश

सरकारी आदेश के अनुसार, इस जांच की जिम्मेदारी कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन की अध्यक्ष एस. राधा चौहान को सौंपी गई है। उन्हें आवश्यकता पड़ने पर अन्य विभागों के अधिकारियों की मदद लेने की भी अनुमति दी गई है।समिति को एक महीने के भीतर कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग को अपनी रिपोर्ट सौंपनी होगी।

Share this Article