कोरबा में बेटे की मौत के सदमे में मां ने दी जान: घर में साड़ी के फंदे पर लटका मिला 50 वर्षीय महिला का शव

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा में बेटे की मौत के दो साल बाद एक महिला का शव उनके घर में फंदे पर लटका मिला। मृतका की पहचान 50 वर्षीय गीता तंवर के रूप में हुई है। घटना रानी रोड स्थित उनके घर की है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, घर में काफी देर तक कोई हलचल नहीं होने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। उन्होंने अंदर जाकर देखा तो गीता तंवर का शव साड़ी के फंदे पर लटका हुआ था। इसके बाद तत्काल कोतवाली पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई की।

परिजनों और पड़ोसियों के अनुसार, करीब दो साल पहले उनके बेटे की मौत हो गई थी। इसके बाद से वह अकेली रह रही थीं और बेटे को खोने के गम में अक्सर दुखी रहती थीं। बताया गया कि दीपावली के दौरान भी उन्होंने बेटे के बिना घर सूना लगने की बात कही थी।

सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि महिला की मौत की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शुरुआती जानकारी में आत्महत्या की बात सामने आई है। बेटे की मौत के बाद से महिला अकेली रह रही थीं।

पुलिस ने शव के संबंध में आवश्यक कार्रवाई करते हुए मर्ग कायम किया है। फिलहाल घटना के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।

Share this Article