महादेव सट्टा केस: ED-CBI के दावों में 88 हजार करोड़ का अंतर, सौरभ चंद्राकर की पेशी आज

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टा घोटाले में ईडी और सीबीआई के अलग-अलग आंकड़ों ने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। ईडी ने अपनी छठी चार्जशीट में महादेव एप प्रमोटरों की करीब 94 हजार करोड़ रुपये की काली कमाई का दावा किया है, जबकि सीबीआई के अनुसार घोटाले की रकम लगभग 6 हजार करोड़ रुपये है। दोनों आंकड़ों में 88 हजार करोड़ रुपये का अंतर है, जिससे मामले में भ्रम की स्थिति पैदा हो सकती है।

अब तक जांच एजेंसियां 4 हजार करोड़ रुपये से अधिक की संपत्तियां अटैच कर चुकी हैं। करीब 2 हजार सिम कार्ड और 1,700 बैंक खाते ब्लॉक किए गए हैं। मामले में 116 से अधिक लोगों और कंपनियों को आरोपित बनाया गया है। सीबीआई और ईडी करीब 30 गिरफ्तारियां कर चुकी हैं।

सौरभ चंद्राकर की आज कोर्ट में पेशी

महादेव सट्टा नेटवर्क के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर की कस्टोडियल रिमांड गुरुवार को समाप्त हो रही है। उसे रायपुर की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा। सीबीआई यदि दोबारा रिमांड नहीं मांगती है तो ईडी अपने वारंट पर गिरफ्तारी और पूछताछ की अनुमति मांग सकती है।

नेटवर्क और प्रोटेक्शन मनी की जांच

सीबीआई सौरभ से सट्टा नेटवर्क, हवाला लेनदेन, पैनल ऑपरेटरों और कथित 508 करोड़ रुपये की प्रोटेक्शन मनी को लेकर पूछताछ कर चुकी है। एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध सट्टे की रकम किन नेताओं, पुलिस अधिकारियों और अन्य लोगों तक पहुंची।

Share this Article