ED Raid Deepak Singla: दिल्ली और गोवा में सोमवार को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आम आदमी पार्टी नेता दीपक सिंगला के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई की है. जांच एजेंसी ने यह छापेमारी कथित 100 करोड़ रुपये के बैंक फ्रॉड और बाबाजी फाइनेंस ग्रुप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की है, ऐसा बताया जा रहा है कि ED की टीमों ने दिल्ली, पंजाब और गोवा समेत कई जगहों पर दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूत खंगाल रही है.
जांच एजेंसियों के मुताबिक, यह मामला संदिग्ध बैंक ट्रांजैक्शन, शेल कंपनियों और फर्जी फाइनेंशियल एंट्री से जुड़ा हो सकता है. सूत्रों का दावा है कि कुछ कंपनियों के जरिए बड़ी रकम इधर-उधर भेजी गई, जिसकी जांच अब मनी ट्रेल के आधार पर की जा रही है. ED फिलहाल यह पता लगाने में जुटी है कि इस पूरे नेटवर्क में किन-किन लोगों की भूमिका रही और पैसा कहां-कहां इस्तेमाल हुआ.
आरोप प्रत्यारोप का दौर शुरू
इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है. AAP नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं पर दबाव बनाने के लिए कर रही है. वहीं BJP का कहना है कि भ्रष्टाचार और फर्जीवाड़े के मामलों में जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं.
AAP नेताओं पर लगातार हो रही छापेमारी
पिछले एक महीने में आम आदमी पार्टी से जुड़े कई नेताओं पर जांच एजेंसियों की कार्रवाई देखने को मिली है. हाल के दिनों में पंजाब के मंत्री संजीव अरोड़ा की गिरफ्तारी, AAP नेता दीपक सिंगला पर छापे, पंजाब में विजिलेंस और बैंक फ्रॉड मामलों में जुड़े लोगों पर रेड, और कुछ अन्य नेताओं के खिलाफ ED-CBI की जांच ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ाई हैं. मार्च 2024 में भी दीपक सिंगला के घर ED की कार्रवाई हुई थी, जबकि हालिया कार्रवाई को उसी जांच की अगली कड़ी माना जा रहा है.
फिलहाल जांच एजेंसियों की तरफ से इस छापेमारी को लेकर कोई भी बयान जारी नहीं किया गया है. ऐसे में देखना होगा कि आगे क्या एक्शन लिया जाता है. ऐसा इसलिए क्योंकि पंजाब में मंत्री संजीव अरोड़ा के घर पर हुई छापेमारी के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था.
