दुर्ग। छत्तीसगढ़ की दुर्ग पुलिस ने एक बड़े ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश करते हुए नागपुर से संचालित हो रहे हाईटेक बेटिंग नेटवर्क का खुलासा किया है। गिरोह महाराष्ट्र के नागपुर में किराए का मकान लेकर छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में ऑनलाइन सट्टे का कारोबार चला रहा था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य सरगना सहित 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई
पुलिस को सूचना मिली थी कि छावनी थाना क्षेत्र निवासी निशांत कुमार गुप्ता लंबे समय से विभिन्न राज्यों में ठिकाने बदल-बदलकर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें कई अहम खुलासे हुए।
Cricket Buzz और RubyBet ऐप से चलता था खेल
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह C-B Cricket Buzz Betting App और RubyBet जैसी ऑनलाइन बेटिंग आईडी संचालित करता था। पुलिस से बचने के लिए उसने अपने सहयोगियों को नागपुर में किराए के मकान में रखा हुआ था, जहां से पूरे नेटवर्क का संचालन किया जा रहा था।
20 से 25 हजार वेतन पर रखे गए थे ऑपरेटर
जांच में सामने आया कि गिरोह ने कई युवकों को 20 से 25 हजार रुपये मासिक वेतन पर रखा था। ये कर्मचारी ऑनलाइन सट्टे से जुड़े डिपॉजिट, विड्रॉल, आईडी मैनेजमेंट और तकनीकी संचालन का काम संभालते थे। आरोपियों के अनुसार प्रतिदिन 4 से 5 लाख रुपये का लेन-देन होता था, जो महीनेभर में करीब 1.50 करोड़ रुपये तक पहुंच जाता था।
नागपुर में छापा, 8 लोग रंगे हाथ पकड़े गए
मुख्य आरोपी की निशानदेही पर दुर्ग पुलिस की विशेष टीम ने नागपुर स्थित ठिकाने पर छापा मारा। वहां ऑनलाइन सट्टा संचालित करते हुए 8 लोगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। मौके से बड़ी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बैंकिंग दस्तावेज और अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।
फर्जी खातों और सिम कार्ड का इस्तेमाल
पुलिस जांच में पता चला कि गिरोह दूसरे लोगों के बैंक खाते, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम कार्ड का अवैध रूप से उपयोग कर रहा था। सट्टे से प्राप्त रकम को कई खातों में ट्रांसफर कर उसके स्रोत को छिपाने की कोशिश की जाती थी।
23 लाख के सोने-हीरे के जेवर भी जब्त
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि ऑनलाइन सट्टे से कमाई गई रकम से मुख्य आरोपी ने महंगे सोने और डायमंड के आभूषण खरीदे थे। ये जेवर भिलाई के एक ज्वेलरी शोरूम में गिरवी रखे गए थे। पुलिस ने करीब 23 लाख रुपये मूल्य के 15 तोला सोने और डायमंड मिश्रित आभूषण जब्त कर लिए हैं।
बड़ी मात्रा में सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 26 मोबाइल फोन, 3 लैपटॉप, 2 आईपैड, 85 एटीएम कार्ड, 18 बैंक पासबुक, 45 सिम कार्ड, नकदी 1.54 लाख रुपये, हिसाब-किताब से जुड़े दस्तावेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए हैं।
इन धाराओं के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(4), 318(4) तथा टेलीकॉम अधिनियम की धारा 42 के तहत कार्रवाई की है। मामले की जांच जारी है और गिरोह के अन्य नेटवर्क तथा आर्थिक लेन-देन की भी पड़ताल की जा रही है।
