छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में दिखेगा वायु सेना का दम, 2 नवंबर को सारंग टीम करेगी रोमांचक एयर शो

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान नवा रायपुर में भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम रोमांचक एयर शो प्रस्तुत करेगी। 2 नवंबर को सुबह 11 बजे से सेंध लेक क्षेत्र में पांच हेलीकॉप्टर आसमान में हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। यह एयर शो राज्योत्सव के प्रमुख आकर्षणों में शामिल होगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से बुधवार को रायपुर स्थित उनके निवास कार्यालय में सारंग टीम के सदस्यों ने सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने टीम का स्वागत करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन प्रदेश के युवाओं में देशभक्ति और राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करेंगे।

एयर शो में भारतीय वायु सेना के स्वदेशी ‘ध्रुव’ हेलीकॉप्टरों के जरिए तकनीकी क्षमता और पायलटों के उत्कृष्ट उड़ान कौशल का प्रदर्शन किया जाएगा। टीम का नेतृत्व ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार करेंगे। इस प्रदर्शन में दो महिला पायलट, स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल होंगी।

मुख्यमंत्री ने महिला पायलटों की भागीदारी को प्रेरणादायक बताते हुए कहा कि इससे प्रदेश की बेटियों को विमानन और रक्षा सेवाओं में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।

राज्योत्सव में होने वाले इस एयर शो को देखने के लिए लोगों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है। पांच हेलीकॉप्टरों का सामूहिक प्रदर्शन नवा रायपुर के आसमान में रोमांच और देशभक्ति का अनूठा नजारा पेश करेगा।

Share this Article