ट्विशा शर्मा केस पर भावुक हुईं सेलीना जेटली, बोलीं- बंद दरवाजों के पीछे महिलाओं का दर्द कोई नहीं देखता

3 Min Read

भोपाल : रिटायर्ड जज की बहू और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बन गया है। इस संवेदनशील मामले पर अब बॉलीवुड से भी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं। अभिनेत्री Celina Jaitly ने ट्विशा शर्मा की मौत पर गहरा दुख जताते हुए सोशल मीडिया पर एक भावुक पोस्ट साझा की है।सेलीना ने अपनी पोस्ट में न सिर्फ ट्विशा के परिवार के दर्द को महसूस करने की बात कही, बल्कि उन महिलाओं की पीड़ा का भी जिक्र किया जो घर की चारदीवारी के भीतर चुपचाप मानसिक और भावनात्मक संघर्ष झेलती हैं।

‘ट्विशा का परिवार न्याय के लिए गुहार लगा रहा है’
सेलीना जेटली ने लिखा कि हर शादी खुशियों से भरी नहीं होती। कई बार रिश्तों के पीछे छिपी हिंसा और अकेलापन किसी महिला की जिंदगी को अंदर से तोड़ देता है।उन्होंने कहा कि ट्विशा शर्मा का मामला बेहद दिल दहला देने वाला है, क्योंकि एक शिक्षित, प्रतिभाशाली और खूबसूरत महिला का जीवन कथित तौर पर दर्द और तन्हाई में गुजर रहा था। उन्होंने यह भी लिखा कि ट्विशा का परिवार अभी तक न्याय के लिए भटक रहा है।

‘महिलाओं की पीड़ा धीरे-धीरे सामान्य मान ली जाती है’
अपनी पोस्ट में सेलीना ने समाज की सोच पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई बार महिलाओं की प्रताड़ना को लोग सामान्य मानने लगते हैं और उनका दर्द आसपास के लोगों के लिए महत्वहीन हो जाता है।उन्होंने लिखा कि बाहर से सब कुछ सामान्य और खुशहाल दिखाई देता है, लेकिन असल में कई महिलाएं अंदर ही अंदर टूट रही होती हैं। यह अकेलापन धीरे-धीरे इंसान को दुनिया से अलग कर देता है।

अपने निजी दर्द का भी किया जिक्र, बोलीं- मैं पूरी तरह अकेली पड़ गई थी
सेलीना जेटली ने अपने निजी जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आया जब वह खुद को बेहद अकेला महसूस करने लगी थीं। उन्होंने बताया कि माता-पिता के नहीं रहने, आर्थिक असुरक्षा और छोटे बच्चों की जिम्मेदारी ने उन्हें मानसिक रूप से कमजोर कर दिया था।उन्होंने स्वीकार किया कि वह नहीं चाहती थीं कि उनके बच्चों को कठिनाइयों का सामना करना पड़े, इसलिए कई तकलीफों को चुपचाप सहती रहीं।

‘हर दर्द सहने वाली महिला के साथ मेरा दिल है’
अपनी पोस्ट के अंत में सेलीना ने कहा कि उनका दिल ट्विशा शर्मा के परिवार और उन सभी महिलाओं के साथ है, जो बंद दरवाजों के पीछे पीड़ा सह रही हैं।गौरतलब है कि सेलीना जेटली पिछले कुछ समय से अपने ऑस्ट्रियाई पति के साथ तलाक को लेकर भी चर्चा में हैं और इस मामले में कोर्ट में कानूनी प्रक्रिया चल रही है।

Share this Article