मध्य प्रदेश : चर्चित एक्ट्रेस ट्विषा शर्मा मौत मामले की जांच अब नया मोड़ लेने जा रही है। केंद्रीय जांच ब्यूरो यानी CBI मंगलवार से इस हाईप्रोफाइल केस की आधिकारिक जांच शुरू करेगी। एजेंसी के सामने सबसे बड़ी चुनौती 12 मई की रात हुई घटनाओं की पूरी कड़ी को दोबारा जोड़ना होगी, ताकि मौत से पहले क्या-क्या हुआ इसका सच सामने आ सके।
शादी के बाद शुरू हुआ विवाद, तानों से परेशान थी ट्विषा
सूत्रों के मुताबिक शादी के कुछ समय बाद से ही ट्विषा शर्मा और समर्थ के बीच रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा था। जनवरी से मार्च के बीच ट्विषा को लगातार मानसिक दबाव और तानों का सामना करना पड़ा।बताया जा रहा है कि ट्विषा ने इन बातों की जानकारी अपने माता-पिता को भी दी थी। परिवार का दावा है कि वह मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थी।
खर्च के लिए नहीं मिलते थे पैसे, पिता करते थे ऑनलाइन ट्रांसफर
ट्विषा ने अपने पिता नवनिधि शर्मा को यह भी बताया था कि समर्थ उसे खर्च के लिए पैसे नहीं देता था। इसके बाद पिता ने कई बार उसके बैंक खाते में ऑनलाइन रकम ट्रांसफर की थी।अब CBI इन दावों की पुष्टि के लिए बैंक खातों और फाइनेंशियल ट्रांजेक्शंस की गहराई से जांच करेगी। जांच एजेंसी यह पता लगाएगी कि आर्थिक लेनदेन का पैटर्न क्या था और क्या इसमें किसी तरह का दबाव या प्रताड़ना जुड़ी हुई थी।
दहेज मांग और मारपीट के आरोप भी जांच के दायरे में
परिवार ने आरोप लगाया है कि समर्थ की मां ने शादी के खर्च के नाम पर 2 लाख रुपये की मांग की थी। CBI अब यह पता लगाएगी कि क्या इस कथित मांग से जुड़ा कोई आर्थिक सबूत मौजूद है।इसके अलावा परिवार ने समर्थ पर मारपीट के आरोप भी लगाए हैं। दावा किया गया है कि 22 अप्रैल को समर्थ ने दोबारा ऐसा नहीं करने का भरोसा दिया था। अब जांच एजेंसी दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर क्रॉस वेरिफिकेशन करेगी।
12 मई की रात की आखिरी कॉल बनेगी जांच की सबसे अहम कड़ी
ट्विषा के पिता के मुताबिक 12 मई की रात करीब 9:40 बजे उनकी बेटी ने व्हाट्सएप कॉल किया था। फोन उनकी मां ने उठाया था और उस दौरान बैकग्राउंड में समर्थ के चिल्लाने की आवाज सुनाई दे रही थी।यह कॉल अब जांच की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी मानी जा रही है।
CDR और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा सच
CBI अब कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR का तकनीकी विश्लेषण करेगी। इससे यह पता लगाने की कोशिश होगी कि मौत से पहले ट्विषा किन लोगों के संपर्क में थी और उस रात घटनाक्रम कैसे आगे बढ़ा।इसके साथ ही एजेंसी दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पहली और दूसरी रिपोर्ट की तुलना कर कई अहम तथ्यों को मिलाया जाएगा।सूत्रों के अनुसार जल्द ही समर्थ की मां गिरी बाला सिंह को भी पूछताछ के लिए समन जारी किया जा सकता है। मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कई नए सवाल सामने आ रहे हैं।
