एमपी की राजधानी भोपाल हत्या का ऐसा दर्दनाक मामला सामने आया है जिसे जानकर आप हैरान रह जाएंगे. रिश्तों को शर्मसार करने देने वाली ये सनसनीखेज वारदात शहर के बैरसिया क्षेत्र की है. यहां एक दामाद ने अपनी 60 वर्षीय सास की हत्या कर दी है. इतना ही नहीं हत्या के बाद चांदी की पायल उतारने के लिए कुल्हाड़ी से सास के दोनों पैर काट डाले और शव जंगल में फेंक दिया.
बेटे से मिलवाने के बहाने ले गया था बाहर
इस मामले में पुलिस ने जानकारी दी है कि आरोपी जसवंत गुर्जर सास बदामी बाई से मिलने उसके घर पठारिया थाना बैरसिया गया था. आरोपी ने भावनात्मक रूप से बदामी बाई को बताया कि उनका बेटा यानी आरोपी का साला उन्हें याद कर रहा है और मिलने के लिए नजीराबाद बुलाया है. दामाद की बातों में आकर बदामी बाई उसके साथ नजीराबाद के लिए निकलीं.
रास्ते में ही आरोपी की सास की हत्या
लेकिन रास्ते में ही आरोपी ने सास की गला दबाकर हत्या कर दी. एसडीओपी वैशाली कराहलिया ने बताया कि गिरफ्तार दामाद को इस बात को कोई भी अफसोस नहीं है. पुलिस संदेह पर जसवंत को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसे लेकर नजीराबाद के शेष पुरा के पास जंगल में गई, जहां एक पेड़ के नीचे महिला का शव बरामद हुआ.
पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा
पुलिस की जांच में सामने आया कि महिला के दोनों पैरों के पंजे कटे हुए थे और चांदी की पायल गायब थी. पुलिस का कहना है कि आरोपी ने पहले महिला की हत्या की और बाद में कुल्हाड़ी से पैर काटकर पायल निकाल ली. पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने पहले अपनी सास की हत्या की और बाद कुल्हाड़ी से दोनों पंजे काटे और फिर चांदी की पायल निकाल ली.
