बिलासपुर में एक 57 वर्षीय महिला ने अपनी बहू पर कोल्ड ड्रिंक में कीटनाशक मिलाकर पिलाने का आरोप लगाया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के गंगा नगर की बताई गई है। महिला की हालत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह करीब एक हफ्ते तक वेंटिलेटर पर रही। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बहू कविता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता रूखमणी सिंह के मुताबिक, 17 जुलाई को वह उपवास पर थी और सुबह करीब 11 बजे काम से घर लौटी थी। कुछ देर बाद उसकी बहू ने उसे कोल्ड ड्रिंक दी। इसे पीने के बाद उसने चाय भी पी। थोड़ी देर में उसे उल्टी और चक्कर आने लगे और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे पहले निजी अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर हालत में सिम्स रेफर किया गया।
महिला के मुताबिक, सिम्स में उसकी हालत इतनी गंभीर थी कि डॉक्टरों ने उसे वेंटिलेटर पर रखा। हालत में सुधार आने के बाद 2 अगस्त को पुलिस ने अस्पताल में उसका बयान दर्ज किया। इसके बाद 3 अक्टूबर को लिखित शिकायत दी गई।
शिकायत में महिला ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी बहू के किसी युवक से प्रेम संबंध थे। उसने बहू को फोन पर उस युवक से बात करते पकड़ा था। इसी विवाद के बाद परिवार में तनाव बढ़ा था।
पीड़िता का आरोप है कि अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान बहू घर से जेवर और करीब 3.50 लाख रुपये लेकर अपने मायके चली गई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
