बिलासपुर में बिजली मजदूर संघ का प्रदर्शन, ठेका श्रमिकों की सुरक्षा और अमन साहू के परिवार को नौकरी की मांग

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में बिजली विभाग के ठेका श्रमिकों की सुरक्षा का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। लगातार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं और कर्मचारियों की मौत के विरोध में छत्तीसगढ़ विद्युत ठेका मजदूर संघ ने शुक्रवार को तिफरा स्थित मुख्य अभियंता कार्यालय का घेराव किया। श्रमिकों ने प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा और बिजली कंपनी से सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराने की मांग की।

संघ का आरोप है कि बिजली वितरण कंपनी के अंतर्गत 33/11 केवी उपकेंद्रों, विद्युत लाइनों और वितरण व्यवस्था में काम करने वाले ठेका श्रमिकों से कई जगह पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराया जा रहा है। श्रमिकों ने कहा कि बिजली का काम बेहद जोखिमपूर्ण है, इसलिए सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए।

कुरेली में ऑपरेटर की मौत के बाद बढ़ा आक्रोश

प्रदर्शन की मुख्य वजह 31 अक्टूबर को कुरेली सब स्टेशन में हुई दुर्घटना है। यहां काम के दौरान ऑपरेटर अमन साहू की करंट लगने से मौत हो गई थी। संघ ने इस घटना के लिए सुरक्षा व्यवस्था और रखरखाव में लापरवाही तथा ठेकेदार द्वारा जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं कराने को जिम्मेदार बताया।

संघ ने मृतक के परिवार को उचित मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को बिजली कंपनी में नौकरी देने की मांग भी उठाई।

मुफ्त सुरक्षा उपकरण और शटडाउन नियम लागू करने की मांग

विद्युत मजदूर संघ ने मांग की है कि सभी ठेका श्रमिकों को ISI और BIS मानक वाले हेलमेट, सेफ्टी शूज, इंसुलेटेड दस्ताने, सेफ्टी बेल्ट और फेस शील्ड निश्शुल्क उपलब्ध कराए जाएं।

इसके अलावा काम शुरू करने से पहले लिखित परमिट-टू-वर्क, विधिवत शटडाउन, लॉकआउट-टैगआउट प्रक्रिया और अर्थिंग सुनिश्चित करने की मांग की गई है। संघ ने सभी विद्युत उपकेंद्रों और कार्यस्थलों का नियमित सुरक्षा ऑडिट कराने, दुर्घटना में घायल श्रमिकों को तत्काल चिकित्सा सुविधा देने और ठेका श्रमिकों को बोनस देने की भी मांग रखी है।

प्रदर्शन में मुकेश मरावी, पोखन जायसवाल, गुलशन श्रीवास, संजय मरावी, संजय यादव, सुनील जायसवाल सहित बड़ी संख्या में श्रमिक शामिल हुए।

Share this Article