तीन साल से रेन बसेरा में चल रहा शिक्षा विभाग का दफ्तर, बच्चे स्कूल में और साहब सराय में! बतौली में विकास के दावों की खुली पोल

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ में विकास के दावों के बीच सरगुजा जिले के बतौली से सरकारी व्यवस्था की बदहाल तस्वीर सामने आई है। यहां विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) का कार्यालय पिछले तीन वर्षों से रेन बसेरा में संचालित हो रहा है। शिक्षा विभाग का अपना भवन जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो चुका है, लेकिन अब तक नए कार्यालय भवन को मंजूरी नहीं मिल पाई है।

जानकारी के मुताबिक, पुराने भवन की हालत इतनी खराब हो गई थी कि वहां कार्यालय संचालित करना सुरक्षित नहीं रह गया। इसके बाद विभाग को रेन बसेरा में शिफ्ट करना पड़ा। तीन साल बीत जाने के बाद भी अस्थायी व्यवस्था स्थायी समाधान में नहीं बदल सकी है।

रेन बसेरा में दफ्तर, कामकाज में परेशानी

सीमित जगह में कार्यालय संचालित होने से कर्मचारियों को बैठने, दस्तावेजों के रखरखाव और विभागीय बैठकों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। शिक्षकों और आम नागरिकों को भी अपने विभागीय कार्यों के लिए परेशानियां उठानी पड़ती हैं।

विधायक और अधिकारियों से लगाई गुहार

विकासखंड शिक्षा अधिकारी शरद चंद्र मेषपाल ने स्थानीय विधायक रामकुमार टोप्पो सहित जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों को पत्र लिखकर नए कार्यालय भवन की स्वीकृति मांगी है। उन्होंने पुराने भवन की जर्जर स्थिति और अस्थायी कार्यालय में आ रही समस्याओं से भी अधिकारियों को अवगत कराया है।

इसके बावजूद अब तक भवन निर्माण को मंजूरी नहीं मिली है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि शिक्षा विभाग के इतने महत्वपूर्ण कार्यालय को आखिर कब तक रेन बसेरा के सहारे चलाना पड़ेगा?

Share this Article