Aaj Ka Mausam: देश के मौसम ने अचानक करवट ली है और अगले दो दिनों में इसका असर और तेज होने वाला है। भारत मौसम विभाग ने दक्षिण और पूर्वी भारत में तेज बारिश की चेतावनी जारी की है, जबकि उत्तर भारत में आंधी, बिजली और ओलावृष्टि का खतरा जताया गया है।
पश्चिमी विक्षोभ का असर: पहाड़ों में बर्फबारी और बारिश की संभावना
पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में मौसम बिगड़ने वाला है। हिमाचल प्रदेश, जम्मू कश्मीर और उत्तराखंड में बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने के आसार हैं। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
यूपी-बिहार में फिर बदलेगा मौसम: आंधी और ओलों की चेतावनी
उत्तर प्रदेश में हाल की बारिश ने गर्मी से राहत दी है, लेकिन मौसम विभाग ने 4 मई से फिर बदलाव के संकेत दिए हैं। कई जिलों में धूल भरी आंधी, हल्की बारिश, ओले और बिजली गिरने की आशंका है।
इसी तरह बिहार में भी तेज हवाओं और आंधी के साथ मौसम खराब रहने का अलर्ट जारी किया गया है।
दिल्ली-NCR में राहत का दौर: तापमान में गिरावट, हवा भी सुधरेगी
दिल्ली NCR में हाल की बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया है। 3 और 4 मई को फिर से मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। बादल छाए रहने और हल्की बारिश से तापमान करीब 36 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता में भी सुधार देखने को मिल सकता है।
मध्य प्रदेश-राजस्थान में भी असर: आंधी और हल्की बारिश के संकेत
मध्य प्रदेश और राजस्थान में भी मौसम बदलने के संकेत हैं। भोपाल मौसम केंद्र के अनुसार कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी। राजस्थान में भी मंगलवार तक रुक रुक कर बारिश और धूल भरी आंधी की संभावना है।
उत्तराखंड-हिमाचल में अलर्ट: कई दिनों तक खराब रहेगा मौसम
उत्तराखंड में 5 मई तक मौसम खराब रहने की चेतावनी है। हरिद्वार, देहरादून, नैनीताल समेत कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश का खतरा है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ओले भी गिर सकते हैं।
वहीं हिमाचल प्रदेश में 3 से 7 मई तक लगातार मौसम खराब रहने का अनुमान है।
पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में बारिश का असर: गर्मी से राहत
असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, ओडिशा, झारखंड और पश्चिम बंगाल में लगातार बारिश के चलते तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। 8 मई तक मौसम ऐसे ही बने रहने की संभावना है।
दक्षिण भारत में भी राहत: बारिश से कम होगी गर्मी
केरल और तमिलनाडु समेत दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश के आसार हैं। इससे हीटवेव से राहत मिलेगी और तापमान में गिरावट आएगी।
