इंदौर : शहर में रसोई गैस को लेकर बनाए गए सख्त नियमों और लगातार निगरानी के दावों के बीच नगर निगम की संपत्ति पर अवैध रूप से रखे गए गैस सिलेंडरों का बड़ा जखीरा मिलने से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
गुप्त सूचना पर पहुंची टीम, ताला तोड़कर की गई बड़ी कार्रवाई
गुरुवार को खाद्य विभाग की टीम ने कोठारी मार्केट स्थित महाराजा कॉम्प्लेक्स में एक दुकान पर छापा मारा। सूचना मिली थी कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध रूप से गैस सिलेंडर रखे गए हैं।जांच के दौरान टीम ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां से पच्चीस से अधिक व्यावसायिक गैस सिलेंडर जब्त किए।
संचालन और अवैध कब्जे को लेकर खुलासा
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह स्थान भोला नामक व्यक्ति द्वारा संचालित किया जा रहा था। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि दुकान पर अवैध कब्जे की स्थिति थी, जिसकी शिकायतें पहले से मिल रही थीं।
भंडारे की तैयारी या अवैध भंडारण, जांच में बड़ा सवाल
स्थानीय जानकारी के अनुसार एक जून को क्षेत्र में बड़े भंडारे का आयोजन प्रस्तावित है। आशंका जताई जा रही है कि इसी आयोजन के लिए बड़ी संख्या में सिलेंडर एकत्र किए जा रहे थे।हालांकि प्रशासन इस बात की जांच कर रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर सिलेंडरों के भंडारण के लिए कोई वैध अनुमति थी या नहीं और इनका वास्तविक उद्देश्य क्या था।
सुरक्षा नियमों पर उठे सवाल, बड़ा हादसा टलने की आशंका
इस घटना के बाद सवाल उठने लगे हैं कि जब गैस सिलेंडरों के भंडारण और परिवहन पर सख्त नियम लागू हैं, तब भी नगर निगम क्षेत्र में इतने बड़े स्तर पर अवैध भंडारण कैसे हो गया।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि यहां आग या विस्फोट जैसी कोई घटना होती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पुरानी शिकायतों की जांच तेज, अवैध कारोबार की आशंका
सूत्रों के अनुसार जिस दुकान में यह सिलेंडर रखे गए थे, वहां लंबे समय से अवैध कब्जे और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं। अब विभाग यह जांच कर रहा है कि सिलेंडर कहां से लाए गए और इनका उपयोग किस उद्देश्य से किया जाना था।साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं इसके पीछे कोई संगठित अवैध गैस कारोबार तो सक्रिय नहीं है।
