मैहर। फिल्म लापता लेडीज से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी ने फिल्म पेट पालकी के निर्माता पर भुगतान नहीं करने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। अभिनेता ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर भावुक वीडियो साझा कर दावा किया कि फिल्म की शूटिंग पूरी होने के बावजूद उन्हें मेहनताना नहीं दिया गया, जिससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गए।
आठ दिन शूटिंग के बाद नहीं मिला पारिश्रमिक
सतेंद्र सोनी के मुताबिक उन्हें फिल्म पेट पालकी की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उन्होंने लगातार आठ दिनों तक शूटिंग की, लेकिन काम पूरा होने के बाद भी निर्माता ने उनका तय पारिश्रमिक नहीं दिया। अभिनेता का आरोप है कि भुगतान मांगने पर उन्हें धमकियां भी दी गईं।
वीडियो वायरल होते ही हरकत में आई पुलिस
सोशल मीडिया पर अभिनेता का वीडियो वायरल होने के बाद मैहर कोतवाली पुलिस ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया। थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी के नेतृत्व में पुलिस टीम कलाकारों से मिलने पहुंची और पूरी स्थिति की जानकारी ली। बातचीत के दौरान कलाकारों ने मैहर में आगे काम नहीं करने की इच्छा जताई।
पुलिस सुरक्षा में मुंबई रवाना किए गए कलाकार
पुलिस ने सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सतेंद्र सोनी और उनके साथियों को सुरक्षित ट्रेन के जरिए मुंबई रवाना कराया। रविवार सुबह अभिनेता ने एक और वीडियो जारी कर बताया कि वे सकुशल मुंबई पहुंच गए हैं।
मैहर पुलिस का जताया आभार, समझौते के बाद नहीं हुई एफआईआर
मुंबई पहुंचने के बाद जारी वीडियो में सतेंद्र सोनी ने मैहर पुलिस, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी और पूरी पुलिस टीम का सहयोग के लिए धन्यवाद दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति बनने के बाद विवाद सुलझ गया, इसलिए इस मामले में एफआईआर दर्ज नहीं की गई।
