लखनऊ अग्निकांड के बाद बड़ी कार्रवाई, प्रयागराज में खान सर समेत तीन कोचिंग संस्थान सील

3 Min Read

लखनऊ : कोचिंग संस्थान की इमारत में हुए भीषण अग्निकांड के बाद उत्तर प्रदेश में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। प्रदेशभर में कोचिंग संस्थानों की जांच तेज कर दी गई है। इसी अभियान के तहत प्रयागराज विकास प्राधिकरण (PDA) ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए खान सर की कोचिंग सहित तीन संस्थानों को सील कर दिया।

निरीक्षण के बाद हुई कार्रवाई

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह अपनी टीम के साथ संबंधित कोचिंग संस्थानों पहुंचे। कार्रवाई से पहले भवन में मौजूद सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जिसके बाद कार्यालय बंद कर संबंधित हिस्से को सील कर दिया गया।

नियमों में खामियां मिलने पर लगा ताला

प्राधिकरण की जांच में भवन उपयोग से संबंधित आवश्यक नियमों का पालन नहीं होने की बात सामने आई। अधिकारियों के अनुसार कोचिंग संस्थान का संचालन सामुदायिक सुविधा की श्रेणी में आता है, लेकिन भवन के लिए इस श्रेणी की आवश्यक भू-उपयोग स्वीकृति नहीं ली गई थी। इसी आधार पर सीलिंग की कार्रवाई की गई।

कोचिंग के बाहर चस्पा किया गया नोटिस

कार्रवाई के बाद प्रशासन ने संस्थानों के बाहर नोटिस भी लगाया है। नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि बिना प्रशासन की अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालित करने की कोशिश करने पर संबंधित संचालकों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रदेशभर में बढ़ी सख्ती

लखनऊ अग्निकांड के बाद प्रदेश सरकार ने कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था और भवन मानकों की जांच के निर्देश दिए हैं। इसी के तहत अलग-अलग शहरों में निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि जिन संस्थानों में सुरक्षा मानकों या भवन नियमों का उल्लंघन मिलेगा, उनके खिलाफ इसी तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

कोचिंग संचालकों में मचा हड़कंप

प्रयागराज में हुई इस कार्रवाई के बाद कोचिंग संचालकों के बीच चिंता का माहौल है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सभी संस्थानों को निर्धारित नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा।

Share this Article