भोपाल के MANIT में मेस का खाना खाने से 40 छात्र बीमार, अस्पताल में भर्ती

admin  - News & Entertainment
3 Min Read

Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित मौलाना आजाद नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MANIT) में मेस का भोजन करने के बाद करीब 40 छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों को उल्टी-दस्त की शिकायत के बाद शारदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने हॉस्टल की मेस का निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों के सात नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं।

हॉस्टल की मेस में भोजन के बाद बिगड़ी तबीयत

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार रात MANIT के हॉस्टल नंबर 10 के CD ब्लॉक में भोजन करने के बाद कई छात्रों की तबीयत बिगड़ गई। छात्रों में उल्टी-दस्त जैसे लक्षण सामने आए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की सूचना मिलने पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने शनिवार को मेस का निरीक्षण किया।

मेस में मिलीं कई अनियमितताएं

निरीक्षण के दौरान मेस के पास खाद्य कारोबार का लाइसेंस नहीं होने की बात सामने आई। इसके अलावा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र, पेस्ट कंट्रोल कार्यक्रम और खाद्य सुरक्षा प्रशिक्षण से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध नहीं कराए गए।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने उड़द दाल, मूंगफली दाना और मोटी सेवई समेत सात नमूने जांच के लिए भेजे हैं। इनमें चार सर्विलांस नमूने चना दाल, छोला, चावल और अरहर दाल के हैं।

पहले भी बीमार हुए थे छात्र

MANIT में भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, 17 जुलाई 2026 को हॉस्टल नंबर 9 और 11 में भोजन करने के बाद छात्र बीमार हुए थे। वहीं, 13 अप्रैल 2025 को हॉस्टल नंबर 4 में भोजन के बाद करीब 15 छात्रों की तबीयत बिगड़ी थी।

कन्या हॉस्टल के भोजन पर भी उठे सवाल

भोपाल के पंचशील नगर स्थित अजा कन्या कॉलेज के हॉस्टल में भी छात्राओं ने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई को लेकर शिकायत की है। छात्राओं ने दाल-चावल में इल्लियां मिलने, पानी वाली सब्जी परोसने और अन्य बुनियादी सुविधाओं की कमी का आरोप लगाया। इस मामले में छात्राओं ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग के अधिकारियों के कार्यालय पहुंचकर अपनी समस्याएं उठाईं।

मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवराज पावक के मुताबिक, नमूनों की जांच रिपोर्ट और निरीक्षण में मिली कमियों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। सीएमएचओ डॉ. मनीष शर्मा ने भी बताया कि पानी के नमूने लिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article