Bakrid 2026: देशभर में ईद-उल-अजहा की रौनक, मस्जिदों में उमड़ी भीड़, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

3 Min Read

देशभर : आज ईद-उल-अजहा यानी बकरीद का त्योहार पूरे उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया जा रहा है। सुबह से ही मस्जिदों, ईदगाहों, दरगाहों और मदरसों में मुस्लिम समुदाय के लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। लोगों ने नमाज अदा कर देश में अमन, शांति और खुशहाली की दुआ मांगी।

त्योहार को लेकर शहरों और कस्बों की छोटी-बड़ी मस्जिदों को खास तौर पर सजाया गया है। कई जगहों पर सुबह से ही नमाजियों की लंबी कतारें नजर आईं।

भोपाल ईदगाह में उमड़ी बड़ी संख्या में भीड़

भोपाल के ईदगाह में बकरीद के मौके पर मुस्लिम समाज की बड़ी सभा जुटी। यहां सुबह सामूहिक नमाज अदा की गई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी।

उत्तर प्रदेश में प्रशासन हाई अलर्ट पर

उत्तर प्रदेश में बकरीद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। त्योहार के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई जिलों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की अतिरिक्त तैनाती की गई है।

हर गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन की मदद ली जा रही है। प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है ताकि त्योहार शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

दिल्ली में फ्लैग मार्च और कड़ी निगरानी

नई दिल्ली में भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। दिल्ली पुलिस के संयुक्त आयुक्त मधुर वर्मा ने बताया कि बकरीद को लेकर विशेष सुरक्षा योजना लागू की गई है।

उन्होंने कहा कि खासकर मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पहले से ही रूट मार्च और फ्लैग मार्च निकाले गए थे। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और अब तक त्योहार पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा है।

अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि कुर्बानी की रस्म केवल घरों के अंदर ही पूरी की जाएगी और सभी से प्रशासनिक निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

देशभर में अमन और भाईचारे का संदेश

बकरीद के अवसर पर लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और भाईचारे का संदेश दिया। त्योहार के चलते बाजारों में भी खास रौनक देखने को मिली। प्रशासन और धार्मिक संगठनों की अपील के बाद अधिकतर जगहों पर त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जा रहा है।

Share this Article