जबलपुर में रिसॉर्ट पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, गंदगी और अनियमितताओं पर हुई सीलिंग

2 Min Read

जबलपुर : गर्मियों के सीजन के बीच जिला प्रशासन ने दो रिसॉर्ट पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें सील कर दिया। बरेला क्षेत्र के निसर्ग रिसॉर्ट और घाना स्थित सुकून रिसॉर्ट में छापेमारी के दौरान गंभीर अनियमितताएं और साफ सफाई की भारी कमी सामने आई। संयुक्त टीम में राजस्व, पुलिस, खाद्य सुरक्षा और विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल रहे।

निसर्ग रिसॉर्ट में सुरक्षा और अनुमति की बड़ी खामियां उजागर

निरीक्षण के दौरान निसर्ग रिसॉर्ट में कई गंभीर खामियां मिली। रिसॉर्ट के पास फायर एनओसी उपलब्ध नहीं थी और अग्निशमन सुरक्षा की कोई पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं पाई गई। एसडीएम जबलपुर के अनुसार, रिसॉर्ट का केवल आंशिक हिस्सा ही वैध डायवर्जन के दायरे में पाया गया।

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने किचन से खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लिए। किचन में भारी गंदगी और अव्यवस्थित स्थिति देखी गई, जिसके बाद तत्काल प्रभाव से रिसॉर्ट को सील कर दिया गया।

सुकून रिसॉर्ट में अतिक्रमण और गंदगी पर चला प्रशासन का डंडा

घाना क्षेत्र के सुकून रिसॉर्ट में भी जांच के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई। यहां शासकीय भूमि पर अतिक्रमण पाया गया और बहते नाले के प्राकृतिक प्रवाह को संकीर्ण करने का मामला भी उजागर हुआ।

रिसॉर्ट के किचन में गंदगी और बदबूदार माहौल पाया गया। खाद्य सामग्री खुले में रखी हुई थी, जिससे स्वास्थ्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हुए। फायर प्लान और फायर एनओसी की अनुपस्थिति के कारण प्रशासन ने इस रिसॉर्ट को भी सील कर दिया।

प्रशासन की सख्त चेतावनी, नियमों से खिलवाड़ पर नहीं मिलेगी राहत

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सुरक्षा, खाद्य मानकों और भवन नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। दोनों रिसॉर्ट में मिली अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

Share this Article