दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले के बैलाडीला स्थित किरंदुल डिपॉजिट-14 में हुए भूस्खलन को लेकर NMDC ने प्रारंभिक जांच के आधार पर अपनी बात रखी है। कंपनी का दावा है कि खनन पट्टा क्षेत्र से करीब दो किलोमीटर दूर जंगल में हुई प्राकृतिक भूगर्भीय हलचल के कारण पुराने वेस्ट डंप का एक हिस्सा ढह गया। हालांकि, घटना की वास्तविक वजह का पता वैज्ञानिक जांच पूरी होने के बाद ही चलेगा।
NMDC के अनुसार, 18 नवंबर को पहाड़ी क्षेत्र में भूगर्भीय हलचल हुई थी। इसका असर बाद में खदान के पुराने वेस्ट डंप पर पड़ा और मलबा ढलान की ओर फैल गया। कंपनी ने खनन गतिविधियों को सीधे तौर पर घटना की वजह मानने से इनकार किया है।
30 हेक्टेयर जंगल प्रभावित
वन विभाग के शुरुआती आकलन में करीब 30 हेक्टेयर आरक्षित वन क्षेत्र प्रभावित होने की बात सामने आई है। कंपार्टमेंट क्रमांक 673 में पेड़-पौधों और प्राकृतिक वनस्पति को नुकसान पहुंचा है। करीब 2.5 से 3 किलोमीटर लंबा नाला भी मलबे की चपेट में आया है। वन विभाग ने संबंधित एजेंसी के खिलाफ वन अपराध दर्ज किया है।
IIT बॉम्बे करेगा वैज्ञानिक अध्ययन
घटना की वास्तविक वजह जानने के लिए IIT बॉम्बे के विशेषज्ञ जांच करेंगे। इसमें ड्रोन सर्वे, चट्टानों की आंतरिक संरचना और जमीन के द्रवीकरण की संभावना की जांच शामिल होगी। इसके लिए MASW तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा।
NMDC ने प्रभावित जंगल की पारिस्थितिक बहाली में वन विभाग और राज्य सरकार को सहयोग देने की बात कही है। साथ ही ग्रामीणों के लिए वैकल्पिक मार्ग और मोबाइल मेडिकल यूनिट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।
