महासमुंद में कार से 90 लाख की चांदी बरामद, 3 लाख रुपये नकद भी मिले

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में पुलिस ने वाहन जांच के दौरान एक कार से करीब 90 लाख रुपये की चांदी और नकदी बरामद की है। कार्रवाई पलसापाली अंतर्राज्यीय चेकपोस्ट पर की गई। जब्त सामग्री में 52 किलो 528 ग्राम चांदी, आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और सिल्लियां शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, गुरुवार को बसना पुलिस की टीम चेकपोस्ट पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान सफेद रंग की मारुति सुजुकी विक्टोरियस कार (CG 23 Q 9222) को रोककर तलाशी ली गई। कार में रायपुर निवासी उमेश कंसारी (45) और गरियाबंद जिले के रोशन कुमार साहू (40) सवार थे।

तलाशी के दौरान कार की डिक्की और सीटों से छह काले बैग मिले। इनमें प्लास्टिक के डिब्बों में चांदी जैसे आभूषण, बर्तन, मूर्तियां और छह सिल्लियां रखी थीं। बरामद आभूषणों में पायल, बिछिया, अंगूठी, चेन, कड़ा, ब्रेसलेट और करधन शामिल हैं। पुलिस ने तीन लाख रुपये नकद भी बरामद किए हैं।

पुलिस ने दोनों व्यक्तियों से चांदी के स्वामित्व और खरीद-बिक्री से संबंधित जीएसटी बिल, ई-वे बिल तथा परिवहन दस्तावेज मांगे, लेकिन वे मौके पर कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने पूरी सामग्री जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी। बरामद चांदी जैसी सामग्री के संबंध में जीएसटी विभाग को भी सूचना भेजी गई है। अब पुलिस और संबंधित विभाग जब्त संपत्ति के स्रोत तथा परिवहन से जुड़े तथ्यों की जांच कर रहे हैं।

Share this Article