भोपाल। मध्यप्रदेश में सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए 1100 चिकित्सा अधिकारियों की सीधी भर्ती प्रक्रिया तेज की जाएगी। विशेषज्ञ डॉक्टरों, नर्सिंग ऑफिसर और डेंटल सर्जन की नियुक्तियां भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही प्रदेश के पांच पुराने सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार की आधुनिक सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने भोपाल में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में ये निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा अधिकारियों की भर्ती के लिए मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (एमपीपीएससी) के साथ समन्वय कर जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने को कहा। विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन और साक्षात्कार की प्रक्रिया तेज करने तथा पात्र उम्मीदवारों के चयन में प्रतीक्षा सूची के उपयोग की भी समीक्षा की गई।
बैठक में इन-सर्विस पीजी डॉक्टरों को बांड के तहत स्वास्थ्य विभाग में पदस्थ करने, नर्सिंग ऑफिसर की भर्ती और अस्पताल प्रबंधकों व डेंटल सर्जन की नियुक्ति पर भी चर्चा हुई। नर्सिंग ऑफिसर भर्ती में न्यायालयीन आदेशों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
पांच मेडिकल कॉलेजों में कैंसर उपचार का विस्तार
भोपाल, इंदौर, जबलपुर, ग्वालियर और रीवा के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में कैंसर इलाज की सुविधाएं बढ़ाने की योजना की समीक्षा की गई। यहां मेडिकल ऑन्कोलॉजी और सर्जिकल ऑन्कोलॉजी विभाग विकसित करने के साथ लाइनैक मशीनों की उपलब्धता और स्थापना पर चर्चा हुई। लाइनैक मशीन का इस्तेमाल कैंसर मरीजों को रेडिएशन थेरेपी देने में किया जाता है।
बैठक में बांडेड डॉक्टरों के मानदेय में उपभोक्ता मूल्य सूचकांक के अनुसार वृद्धि के प्रस्ताव और मैहर जिला चिकित्सालय के अधोसंरचना विकास की लंबित प्रक्रिया की भी समीक्षा हुई। उप मुख्यमंत्री ने भर्ती और अस्पतालों के बुनियादी ढांचे से जुड़े काम समय-सीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर मुख्य सचिव रश्मि अरुण शमी, आयुक्त धनराजू एस. और एनएचएम की प्रभारी प्रबंध संचालक संस्कृति जैन सहित विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
