दंतेवाड़ा में जनजातीय गौरव दिवस पर दिखी आदिवासी संस्कृति की झलक, केदार कश्यप बोले- जनजातीय समाज को मिली नई पहचान

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा में शनिवार को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आदिवासी संस्कृति, परंपरा और ऐतिहासिक विरासत का संगम देखने को मिला। मां दंतेश्वरी मंदिर परिसर के मेंडका डोबरा मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में जनजातीय महानायकों के संघर्ष, बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को याद किया गया।

कार्यक्रम में वन एवं जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय समाज के सम्मान, सशक्तिकरण और विकास को नई दिशा मिली है। उन्होंने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस का उद्देश्य आदिवासी महानायकों के योगदान को देश और दुनिया के सामने लाना तथा नई पीढ़ी को उनके इतिहास से परिचित कराना है।

कश्यप ने 1913 में मानगढ़ में संत गोविंद गुरु के नेतृत्व में हुए आंदोलन का उल्लेख करते हुए कहा कि इस घटना में करीब 1,500 लोगों ने बलिदान दिया था, लेकिन इतिहास में इसे अपेक्षित पहचान नहीं मिली। उन्होंने जिले की सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के लिए मेला-मड़ई आयोजनों की विस्तृत कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। साथ ही स्कूली बच्चों को जनजातीय संग्रहालय का भ्रमण कराने और जिले में जनजातीय गौरव वाटिका विकसित करने की बात कही।

समारोह में आदिवासी लोककला और संस्कृति पर आधारित प्रस्तुतियां हुईं। विभिन्न विभागों ने सरकारी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई। इस दौरान पद्मश्री सम्मानित डॉ. बुधरी ताती और डॉ. रामचंद्र गोडबोले को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसानों और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को भी सम्मान मिला।

Share this Article