रायपुर सेंट्रल जेल के 70 कैदी बने हुनरमंद, पुरुषों ने सीखा कंप्यूटर तो महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर का काम

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ की केंद्रीय जेल रायपुर में बंदियों को आत्मनिर्भर बनाने की पहल के तहत 70 कैदियों को कौशल प्रशिक्षण दिया गया है। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में प्रशिक्षण पूरा करने वाले बंदियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इनमें 40 पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर का प्रशिक्षण लिया, जबकि 30 महिला बंदियों ने ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का हुनर सीखा।

यह प्रशिक्षण केंद्र सरकार के कौशल विकास एवं उद्यमशीलता मंत्रालय के जन शिक्षण संस्थान निदेशालय और छत्तीसगढ़ जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के संयुक्त तत्वावधान में ‘निश्चय कार्यक्रम’ के तहत आयोजित किया गया था।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के महानिदेशक हिमांशु गुप्ता ने कहा कि बंदियों को हुनरमंद बनाना सुधारात्मक व्यवस्था की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। कंप्यूटर का ज्ञान डिजिटल क्षेत्र में रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकता है, वहीं ब्यूटी पार्लर और हेयर ड्रेसिंग का प्रशिक्षण महिलाओं को रिहाई के बाद स्वरोजगार शुरू करने में मददगार होगा।

उन्होंने कहा कि कौशल विकास केवल रोजगार पाने का जरिया नहीं है, बल्कि इससे आत्मसम्मान और सकारात्मक सोच भी विकसित होती है।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जन शिक्षण संस्थान रायपुर के अध्यक्ष और सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ठाकुर राम सिंह ने कहा कि शिक्षा और तकनीकी ज्ञान बंदियों को समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ लौटने का अवसर देते हैं।

इस मौके पर जेल अधीक्षक योगेश सिंह क्षत्री, संस्थान के निदेशक अतुल सिंह और एनएसडीसी के अधिकारी वैभव अग्रवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Share this Article