दंतेवाड़ा में बस्तर ओलंपिक का आगाज, 11 खेलों में 1,058 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग में ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय बस्तर ओलंपिक 2026 का शनिवार को दंतेवाड़ा में शुभारंभ हुआ। हाईस्कूल खेल मैदान में आयोजित दो दिवसीय प्रतियोगिता का उद्घाटन वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने किया। इस दौरान उन्होंने तीरंदाजी और बालक वर्ग की 400 मीटर दौड़ का शुभारंभ कर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर ओलंपिक ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचान दिलाने का सशक्त मंच है। खिलाड़ियों को केवल पुरस्कार दिलाना ही नहीं, बल्कि उन्हें जीतने योग्य बनाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से खेल भावना, अनुशासन और मेहनत के साथ आगे बढ़ने की अपील की।

कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार युवाओं को खेलों से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रयास कर रही है। बस्तर में बेहतर शांति और सुरक्षा का माहौल बनने से युवाओं के लिए नए अवसर खुल रहे हैं। खिलाड़ियों को प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए डीएमएफ और सीएसआर के माध्यम से भी प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के मुताबिक, जिले में इस वर्ष बस्तर ओलंपिक के लिए 80,175 लोगों ने पंजीयन कराया। इनमें 51,802 महिलाएं और 28,373 पुरुष शामिल हैं। ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के विजेताओं सहित कुल 1,058 खिलाड़ी जिला स्तरीय मुकाबलों में हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता में 11 खेल विधाओं के मुकाबले होंगे।

Share this Article