छत्तीसगढ़ में अवैध धान भंडारण पर बड़ी कार्रवाई, 34,303 क्विंटल धान-चावल जब्त; राइस मिल में मचा हड़कंप

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी शुरू होते ही अवैध भंडारण और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। धमतरी जिले के ग्राम भोयना स्थित ए.के. राइस इंडस्ट्रीज की दो इकाइयों पर संयुक्त जांच दल ने कार्रवाई करते हुए कुल 34 हजार 303 क्विंटल धान और चावल जब्त किया है। जांच के दौरान फर्म प्रबंधन स्टॉक से संबंधित जरूरी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।

दो इकाइयों से 34 हजार क्विंटल से अधिक खाद्यान्न जब्त

अधिकारियों के मुताबिक, कार्रवाई के दौरान राइस मिल की दोनों इकाइयों से 32 हजार 878 क्विंटल धान और 1 हजार 425 क्विंटल चावल बरामद किया गया। जब्त खाद्यान्न की कुल मात्रा 34 हजार 303 क्विंटल है।

निरीक्षण के समय फर्म संचालक अकील अहमद खान मौके पर मौजूद नहीं थे। जांच दल ने मुंशी सोहेल रजा से धान और चावल के भंडारण की स्टॉक पंजी मांगी, लेकिन वे संबंधित अभिलेख उपलब्ध नहीं करा सके।

इसके बाद अधिकारियों ने दोनों इकाइयों में रखे खाद्यान्न का भौतिक सत्यापन किया और नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की।

कस्टम मिलिंग आदेश के तहत कार्रवाई

प्रशासन ने कस्टम मिलिंग चावल उपार्जन आदेश, 2016 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की है। अधिकारियों का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने और वास्तविक किसानों को इसका लाभ दिलाने के लिए अवैध भंडारण एवं परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

15 जनवरी 2027 तक चलेगी धान खरीदी

प्रदेश में धान खरीदी 15 जनवरी 2027 तक निर्धारित है। प्रशासन का लक्ष्य खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी रोकना और कस्टम मिलिंग व्यवस्था को पारदर्शी बनाना है। पिछले वर्ष भी दो लाख टन से अधिक धान अवैध परिवहन करते हुए पकड़ा गया था।

Share this Article