MP में मनमाना बस किराया वसूलने पर परमिट होगा रद्द, अब चालान नहीं सीधे जब्त होंगी बसें

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

भोपाल। मध्य प्रदेश में यात्री बसों में निर्धारित किराये से अधिक वसूली करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। अब मनमाना किराया वसूलने की शिकायत सही पाए जाने पर संबंधित बसों को जब्त किया जाएगा। साथ ही उनके परमिट निरस्त करने की अनुशंसा परिवहन आयुक्त कार्यालय को भेजी जाएगी।

परिवहन आयुक्त कार्यालय ने मंगलवार को सभी जिला परिवहन अधिकारियों (RTO) को इस संबंध में आदेश जारी किया है। अधिकारियों को ऑल इंडिया परमिट वाली बसों में अधिक किराया वसूलने की शिकायतों की जांच कर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बालाघाट में ढाई हजार रुपये तक वसूला किराया

हाल ही में बालाघाट से इंदौर जा रही बसों में यात्रियों से अधिक किराया वसूलने का मामला सामने आया। कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे ने यात्रियों से बातचीत की तो पता चला कि जिस बस का निर्धारित किराया 1,267 रुपये था, उसमें यात्रियों से 2,500 रुपये तक वसूले गए। दीपावली के दौरान भी निर्धारित किराये से तीन गुना तक वसूली की शिकायतें मिली थीं।

परमिट की शर्तों का उल्लंघन माना जाएगा

परिवहन विभाग के अनुसार शासन द्वारा निर्धारित किराये से अधिक वसूली करना परमिट की शर्तों का उल्लंघन है। इसलिए केवल चालान काटने के बजाय बस जब्त करने और परमिट निरस्त करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

परिवहन आयुक्त उमेश जोगा के निर्देश पर जारी आदेश के अनुसार आरटीओ परमिट निरस्त नहीं कर सकते। ऐसे मामलों में जांच के बाद अनुशंसा परिवहन आयुक्त कार्यालय भेजी जाएगी। डिप्टी ट्रांसपोर्ट कमिश्नर किरण शर्मा ने भी आदेश जारी होने की पुष्टि की है।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार ने 7 अगस्त से यात्री बसों का किराया 1.25 रुपये से बढ़ाकर 2 रुपये प्रति किलोमीटर किया था। इसके बावजूद यात्रियों से अधिक वसूली की शिकायतें सामने आ रही हैं।

Share this Article