बीजापुर में हाईवे पर चाकू की नोक पर सर्राफा कारोबारी से लूट, करीब 2 करोड़ के जेवर लेकर जंगल में भागे बदमाश

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नेशनल हाईवे-63 पर लूट की बड़ी वारदात सामने आई है। नेलसनार थाना क्षेत्र के पांडे मुर्गा गांव के पास तीन अज्ञात बदमाशों ने चाकू की नोक पर सर्राफा कारोबारी से जेवरों से भरा बैग लूट लिया। लूटे गए आभूषणों की कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वारदात के बाद आरोपी जंगल की ओर फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, भैरमगढ़ में ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले कारोबारी स्वरूप सोनी रोज की तरह अपने तूफान वाहन से गीदम जा रहे थे। सोमवार शाम करीब 6:15 बजे उनका वाहन पांडे मुर्गा गांव के पास पहुंचा, तभी मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने रास्ता रोक लिया। इसके बाद चाकू दिखाकर कारोबारी से जेवरों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

थाना प्रभारी ने की लूट की घटना की पुष्टि

घटना के बाद कारोबारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी विवेकानंद पटेल ने वारदात की पुष्टि की है। हालांकि, लूटे गए जेवरों की वास्तविक कीमत का अभी आकलन किया जा रहा है। पुलिस के अनुसार, करीब दो करोड़ रुपये के आभूषण लूटे जाने की जानकारी सामने आई है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

जंगल में फरार हुए आरोपी, पुलिस जांच में जुटी

वारदात के बाद से पुलिस अज्ञात आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस की टीम आसपास के इलाकों में जानकारी जुटा रही है। मामले में विस्तृत जानकारी और लूटे गए सामान का आकलन रिपोर्ट दर्ज होने के बाद सामने आएगा।

नेशनल हाईवे-63 पर वारदात से दहशत

नेलसनार से भैरमगढ़ के बीच नेशनल हाईवे-63 पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। यह मार्ग लगातार वाहनों की आवाजाही वाला है। ऐसे में शाम के समय चाकू की नोक पर सर्राफा कारोबारी से हुई लूट से स्थानीय लोगों और व्यापारियों में दहशत का माहौल है।

Share this Article