दुर्ग। छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ से कांग्रेस विधायक यशोदा वर्मा की सफारी एसयूवी से टकराकर बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सोमवार शाम बोरी थाना क्षेत्र के ग्राम टेकापार के पास हुआ। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार, घायल हेमंत पटेल और शिव वर्मा मोटरसाइकिल क्रमांक CG-07 DP-5319 से दीपावली मनाकर अपने गांव चेतवा लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही सफारी एसयूवी क्रमांक CG-08 AS-4602 से उनकी बाइक की टक्कर हो गई। एसयूवी विधायक यशोदा वर्मा की बताई जा रही है।
विधायक रायपुर से लौट रही थीं
जानकारी के मुताबिक, विधायक रायपुर प्रवास के बाद खैरागढ़ लौट रही थीं। हादसे के बाद उनके सुरक्षा कर्मियों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को बोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। यहां से उन्हें जिला अस्पताल दुर्ग और बाद में रायपुर के डॉ. भीमराव आंबेडकर अस्पताल रेफर किया गया।
SUV चालक के खिलाफ मामला दर्ज
बोरी पुलिस ने एसयूवी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 125(ए), 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया है। बोरी थाना प्रभारी जितेंद्र पिस्दा के अनुसार, मामले की जांच जारी है। शुरुआती जांच में बाइक सवारों की लापरवाही की बात भी सामने आई है। हालांकि, उनके नशे में होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
