बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर-तखतपुर मार्ग पर सोमवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया। सकरी थाना क्षेत्र के पेण्डारी गांव के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में कार सवार 32 वर्षीय प्रेम सिंह ठाकुर की मौत हो गई, जबकि कार चालक राजेश सोनवानी घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने प्रेम सिंह को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन क्षेत्र के कस्तूरबा नगर निवासी प्रेम सिंह ठाकुर (32), पिता दिलीप सिंह ठाकुर, सोमवार सुबह राजेश सोनवानी के साथ कार से बिलासपुर से तखतपुर की ओर जा रहे थे। सुबह करीब 7:30 बजे उनकी कार पेण्डारी गांव के पास पहुंची। इसी दौरान तेज रफ्तार वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे पलट गया।
हादसे में एक की मौत, चालक का इलाज जारी
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद प्रेम सिंह ठाकुर को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल चालक राजेश सोनवानी का उपचार जारी है।
सकरी पुलिस कर रही हादसे की जांच
घटना की सूचना मिलने पर सकरी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक कार अनियंत्रित होकर पलटी थी। हालांकि, वाहन चालक का नियंत्रण किन परिस्थितियों में हटा, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
