अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में करंट की चपेट में आने से एक हथिनी की मौत हो गई। मंगलवार सुबह उदयपुर वन परिक्षेत्र के सुखरीभंडार गांव से लगे कुसुवामुड़ा जंगल में उसका शव मिला। हथिनी की उम्र करीब 8 से 10 वर्ष बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में करंट प्रवाहित तार की चपेट में आने से मौत की आशंका जताई गई है।
जानकारी के अनुसार, हथिनी का शव धान के खेत से करीब 200 मीटर दूर जंगल में पड़ा था। शव सड़ने लगा था और उससे तेज दुर्गंध आ रही थी। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि हथिनी की मौत कई दिन पहले हुई होगी। सूचना मिलने पर डीएफओ लोकनाथ पटेल, एसडीओ फॉरेस्ट सपना मुखर्जी और रेंजर फेंकू प्रसाद चौबे सहित वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सकों ने घटनास्थल पर ही पोस्टमार्टम किया।
खेतों की सुरक्षा के नाम पर जंगल में बिछाया था तार
जांच के दौरान पता चला कि ग्रामीणों ने फसलों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए खेतों के आसपास लोहे की जाली लगाई थी। इसके अलावा जंगल में भी जगह-जगह जीआई तार का घेरा बनाया गया था। घटनास्थल से करीब आधा किलोमीटर दूर 11 केवी की बिजली लाइन गुजरती है। आशंका है कि इसी लाइन से तार जोड़कर करंट प्रवाहित किया गया होगा।
वन विभाग ने मौके से सभी तार जब्त कर लिए हैं। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि तार जंगली सूअर के शिकार के लिए लगाए गए थे या हाथियों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से।
एक महीने पहले भी करंट से हुई थी हाथी की मौत
चिंता की बात यह है कि इसी क्षेत्र में करीब एक महीने पहले भी करंट लगाकर एक हाथी की मौत हुई थी। उस मामले में पुलिस और वन विभाग ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया था। इसके बावजूद दोबारा ऐसी घटना सामने आने से वन्यजीवों की सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं।
ड्रोन से निगरानी के दावों पर उठे सवाल
उदयपुर वन परिक्षेत्र में हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वन विभाग ड्रोन कैमरों से निगरानी का दावा कर रहा था। इसके बावजूद हथिनी की मौत कई दिनों तक सामने नहीं आ सकी। क्षेत्र में हाथियों के अलग-अलग दलों की आवाजाही बनी हुई है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ दिनों से दो हाथियों के दल से गायब होने की सूचना भी मिल रही थी।
फिलहाल वन विभाग मामले की जांच कर रहा है। तार किसने बिछाए और उनमें करंट कैसे प्रवाहित किया गया, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।
