शिक्षा मंत्री के बंगले में D.Ed अभ्यर्थियों का प्रदर्शन, 2300 पदों पर नियुक्ति की मांग 321 दिनों से आंदोलन जारी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती को लेकर डीएड अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। गुरुवार को 321 दिनों से नियुक्ति की मांग कर रहे अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के रायपुर स्थित बंगले पहुंच गए। यहां उन्होंने परिसर के अंदर बैठकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया।

अभ्यर्थियों की प्रमुख मांग 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द पूरी करने और नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करने की है। उनका कहना है कि लंबे समय से आंदोलन करने के बावजूद सरकार की ओर से अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है।

321 दिनों से जारी है आंदोलन

डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट समय-सीमा तय नहीं होने से उनका भविष्य अधर में है। वे सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग कर रहे हैं।

मौके पर पहुंचा पुलिस और प्रशासन

शिक्षा मंत्री के बंगले में प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसडीएम सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने भी वहां पहुंचकर अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से बातचीत की। अधिकारियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे।

बताया गया कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं थे। फिलहाल बंगले के अंदर अभ्यर्थियों का धरना जारी है। सभी की नजरें अब सरकार के अगले कदम और 2300 पदों पर नियुक्ति को लेकर होने वाले फैसले पर टिकी हैं।

Share this Article