रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के टिकरापारा क्षेत्र में दहेज प्रताड़ना का मामला सामने आया है। एक विवाहिता ने अपने पुलिसकर्मी पति और सास-ससुर पर दो लाख रुपये दहेज मांगने, मारपीट करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर महिला थाना पुलिस ने पति समेत तीन लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
आरोपितों में पति रमेश कुमार कुर्रे, सास बुन्द कुंवर कुर्रे और ससुर बनसराम कुर्रे शामिल हैं। पति छत्तीसगढ़ फोर्स (CF) में आरक्षक बताया गया है।
शादी के छह महीने बाद शुरू हुई प्रताड़ना
महिला की शादी 10 अप्रैल 2023 को हुई थी। शादी में मायके पक्ष ने सोने-चांदी के जेवर, मोटरसाइकिल, पलंग, अलमारी, फ्रिज, वाशिंग मशीन समेत घरेलू उपयोग का सामान दिया था। महिला का आरोप है कि शादी के करीब छह महीने बाद ससुराल वाले कम दहेज मिलने का ताना देने लगे। पति भी मायके से दो लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था। मांग पूरी नहीं होने पर मारपीट की जाती थी।
संतान नहीं होने पर बांझ कहकर किया अपमानित
महिला के मुताबिक, रायपुर में किराये के मकान में रहने के दौरान पति संतान नहीं होने पर उसे बांझ कहकर अपमानित करता था। विरोध करने पर मारपीट भी करता था। सास-ससुर पर भी प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
परिवार परामर्श केंद्र में दोनों पक्षों की काउंसिलिंग भी हुई थी। उस दौरान पति ने अच्छा व्यवहार करने और प्रताड़ित नहीं करने का भरोसा दिया था। हालांकि, महिला का आरोप है कि इसके बाद भी विवाद और मारपीट जारी रही। तीन नवंबर को भी पति ने उसके साथ मारपीट की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
