बिलासपुर में बिजली कटौती से उद्योग बेहाल, 50 से ज्यादा उद्योगपतियों ने बिजली दफ्तर पहुंचकर जताई नाराजगी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में अघोषित बिजली कटौती और बार-बार ट्रिपिंग से औद्योगिक क्षेत्रों के उद्योगपति परेशान हैं। सिलपहरी, सिरगिट्टी और तिफरा में दिनभर में 10 से 15 बार या इससे अधिक बिजली ट्रिपिंग हो रही है। इससे उत्पादन प्रभावित होने के साथ उद्योगों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था से नाराज 50 से अधिक उद्योगपति मंगलवार को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के मुख्य अभियंता कार्यालय पहुंचे। उद्योगपतियों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्याएं रखीं और निर्बाध बिजली आपूर्ति की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिना पूर्व सूचना के बिजली बंद होने, जम्पर टूटने, डीओ गिरने और फ्यूज संबंधी समस्याओं का समय पर समाधान नहीं होने से उत्पादन प्रक्रिया बाधित होती है। आयल मिल, दाल मिल और प्लास्टिक उद्योग जैसी लगातार उत्पादन करने वाली इकाइयों को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ रहा है।

बैठक में कार्यकारी निदेशक आलोक अंबस्ट ने समस्याओं के निराकरण के लिए एक महीने का समय निर्धारित किया। सिलपहरी में एसएस-2 फीडर के कुछ कनेक्शन मल्हार के बंद फीडर से जोड़ने की योजना बनाई गई है। वहीं, सिरगिट्टी सेक्टर ए और बी में दो नए ट्रांसफार्मर लगाए जाएंगे।

इसके अलावा विद्युत उपकरणों और जम्परों की जांच, खराब ज्वाइंट की मरम्मत तथा शटडाउन से पहले उद्योग प्रतिनिधियों की सहमति लेने का निर्णय लिया गया। समस्याओं की समीक्षा के लिए हर महीने बैठक भी होगी।

Share this Article