मंदसौर में सिंथेटिक दूध फैक्ट्री पर चला बुलडोजर, 1000 लीटर दूध से बनाते थे 2500 लीटर मिलावटी दूध

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में सिंथेटिक दूध बनाने वाली फैक्ट्री पर जिला प्रशासन ने बुलडोजर चला दिया। शामगढ़ थाना क्षेत्र के डूंगरखेड़ी गांव में पुलिस ने छापेमारी कर इस फैक्ट्री का खुलासा किया था। प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार दो भाइयों ने कथित तौर पर बताया कि वे एक हजार लीटर असली दूध में मिल्क पाउडर, वनस्पति घी और अन्य पदार्थ मिलाकर करीब 2500 लीटर सिंथेटिक दूध तैयार करते थे।

पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई के दौरान मौके से मिल्क पाउडर के 25-25 किलो के छह कट्टे, वनस्पति घी के पांच डिब्बे, फिल्टर मिक्सर मशीन, गैस भट्ठा, यूरिया के चार कट्टे, डीप फ्रीज और 40 लीटर की केन में लिक्विड सोप बरामद किया था। दूध की जांच के लिए इस्तेमाल होने वाली दो इलेक्ट्रॉनिक मशीनें भी मिली थीं।

इस मामले में पुलिस ने डूंगरखेड़ी निवासी कृष्णपाल सिंह और शिवराज सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों सगे भाई हैं। पूछताछ में उन्होंने करीब एक साल से सिंथेटिक दूध बनाने और उसकी सप्लाई करने की बात बताई। पुलिस के अनुसार, दूध की सप्लाई मंदसौर के मेलखेड़ा और उज्जैन जिले के घोसला में की जा रही थी।

शनिवार सुबह गरोठ एसडीएम राहुल चौहान के नेतृत्व में राजस्व और पुलिस विभाग की टीम ने फैक्ट्री पर कार्रवाई की। प्रशासन के मुताबिक, यह निर्माण शासकीय जमीन पर अतिक्रमण कर किया गया था, जिसे बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

इसके अलावा कृष्णपाल सिंह के नाम पर संचालित मातेश्वरी मिल्क सेंटर का लाइसेंस खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने निलंबित कर दिया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।

Share this Article