इंदौर में अंतरराज्यीय बसों की नो एंट्री, तीन इमली से पिपल्याहाना तक बदला रास्ता

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

इंदौर। मूसाखेड़ी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते इंदौर में यातायात व्यवस्था बदली गई है। प्रशासन ने तीन इमली चौराहे से पिपल्याहाना के बीच अंतरराज्यीय बसों के आवागमन पर सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक प्रतिबंध लगा दिया है। यह व्यवस्था निर्माण कार्य पूरा होने तक लागू रहेगी और आदेश एक महीने तक प्रभावी रहेगा।

कलेक्टर शिवम वर्मा ने यातायात का दबाव कम करने और दुर्घटनाओं की आशंका रोकने के लिए यह आदेश जारी किया है।

इन बसों पर नहीं लागू होगा प्रतिबंध

प्रशासन के अनुसार, तीन इमली से मूसाखेड़ी होते हुए पिपल्याहाना और वापसी के मार्ग पर ऑल इंडिया परमिट वाली अंतरराज्यीय बसें सुबह 6 बजे से रात 11 बजे तक नहीं चल सकेंगी। रात 11 बजे से सुबह 6 बजे तक यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा। सिटी बसों और इंटरसिटी बसों को इस आदेश से छूट दी गई है।

बसों के लिए तय किए गए वैकल्पिक रास्ते

तीन इमली से पिपल्याहाना जाने वाली अंतरराज्यीय बसों को अब पालदा, देवगुराड़िया और बिचौली होकर जाना होगा। वहीं, पिपल्याहाना से तीन इमली आने वाली बसों को बिचौली, देवगुराड़िया और पालदा के रास्ते से गुजरना होगा।

फ्लाईओवर निर्माण के कारण बदली व्यवस्था

मूसाखेड़ी चौराहे पर फ्लाईओवर निर्माण के चलते सड़क पर यातायात प्रभावित होने की आशंका है। बड़ी बसों के कारण जाम और दुर्घटनाओं का खतरा कम करने के लिए प्रशासन ने यह कदम उठाया है। बस संचालकों को निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।

Share this Article