अंबिकापुर में 10वीं के छात्र को ले जाकर पीटा, वीडियो वायरल; पुलिस जांच में जुटी

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में 10वीं कक्षा के एक छात्र के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवक छात्र को जबरन बाइक पर बैठाकर पॉलिटेक्निक कॉलेज ग्राउंड ले गए, जहां उसके साथ हाथ-मुक्कों और लाठी-डंडों से मारपीट की गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, 22 अक्टूबर की शाम छात्र नमनाकला स्थित कार्मेल स्कूल के पास अपने दोस्त के साथ खड़ा था। इसी दौरान कुछ युवक तेज रफ्तार में बाइक चलाते हुए पटाखे फोड़ रहे थे। छात्र ने उन्हें सावधानी से वाहन चलाने के लिए कहा। आरोप है कि इस बात से नाराज युवकों ने उसे जबरन अपने साथ ले जाकर पिटाई की।

छात्र को बचाने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी मारपीट किए जाने की बात सामने आई है। घायल छात्र को परिजनों ने मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार किया गया।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपितों की पहचान और उनकी उम्र की पुष्टि की जा रही है। मामले में फिलहाल गिरफ्तारी की जानकारी सामने नहीं आई है।

पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

Share this Article