रायपुर में संपत्तिकर के बड़े बकायादारों पर कार्रवाई की तैयारी, 31 दिसंबर तक मिलेगी 4% छूट

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर। नगर निगम ने संपत्तिकर की वसूली तेज करने के लिए बड़े बकायादारों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने शुक्रवार को टीएल बैठक में अधिकारियों को राजस्व वसूली बढ़ाने और लंबित मामलों का समय पर निराकरण करने को कहा।

चालू वित्तीय वर्ष का पूरा संपत्तिकर 31 दिसंबर 2026 तक जमा करने वाले करदाताओं को नियमानुसार चार प्रतिशत छूट मिलेगी।

अवैध नल कनेक्शन पर भी कार्रवाई

आयुक्त ने बिना नियमित प्रक्रिया के संचालित नल कनेक्शनों को करारोपण में शामिल करने और निर्धारित अर्थदंड लेकर नियमित करने के निर्देश दिए। ऐसे उपभोक्ताओं से जलकर वसूली करने के साथ नामांतरण के लंबित मामलों को भी तय समयसीमा में निपटाने को कहा गया।

सफाई व्यवस्था की होगी समीक्षा

नगर निगम शहर की सफाई व्यवस्था पर भी निगरानी बढ़ाएगा। आयुक्त ने सफाई से पहले और बाद की तस्वीरों के आधार पर काम की समीक्षा की। जोन कमिश्नरों को सफाई संबंधी शिकायतों का जल्द निराकरण करने और त्योहारों से पहले शहर की प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।

अवैध निर्माण पर नियमानुसार कार्रवाई

बैठक में अवैध प्लाटिंग, निर्माण और कॉलोनियों के मामलों पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। राजीनामा योग्य मामलों में निर्धारित प्रक्रिया अपनाई जाएगी, जबकि ऐसे मामलों में जहां राजीनामा संभव नहीं है, वहां नियमों के अनुसार निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी।

Share this Article