इंदौर से अबू धाबी की उड़ान अब दिन में, 25 अक्टूबर से बदलेगा समय; यात्रियों को मिलेगी राहत

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

इदौर। देवी अहिल्याबाई होलकर एयरपोर्ट से अबू धाबी के लिए संचालित एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान 25 अक्टूबर 2026 से नए समय पर चलेगी। विंटर शेड्यूल के तहत अंतरराष्ट्रीय उड़ान को रात के बजाय दिन में संचालित किया जाएगा। इससे यात्रियों को देर रात यात्रा करने और रातभर जागने की परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।

अब सुबह 8:40 बजे इंदौर से उड़ान

नए शेड्यूल के अनुसार, इंदौर से उड़ान सुबह 8:40 बजे रवाना होकर संयुक्त अरब अमीरात के स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 10:35 बजे अबू धाबी पहुंचेगी। वापसी में विमान अबू धाबी से सुबह 11:50 बजे उड़ान भरेगा और शाम 4:45 बजे इंदौर पहुंचेगा।

फिलहाल यह उड़ान इंदौर से रात 7:50 बजे रवाना होती है और अबू धाबी रात 9:35 बजे पहुंचती है। वापसी की उड़ान रात 10:35 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 3:20 बजे इंदौर पहुंचती है। नए समय से यात्रियों को रात के सफर से राहत मिलेगी। उड़ान के समय के साथ उसका फ्लाइट नंबर भी बदलेगा।

विंटर सीजन में इंदौर एयरपोर्ट से जोधपुर और अहमदाबाद के लिए नई उड़ानें शुरू करने की भी योजना है। इसके अलावा करीब एक दर्जन उड़ानों के समय में बदलाव किया जा रहा है।

Share this Article