PM Modi के 25 साल: CM विष्णु देव साय बोले- सेवा, सुशासन और जनकल्याण की रही यात्रा

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

रायपुर में PM नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम, ‘नमो सेवा गाथा’ में दिखाई गई मोदी की जीवन यात्रा

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़ी यात्रा बताया।

बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के जरिए नरेंद्र मोदी के जीवन और सार्वजनिक सफर के अलग-अलग पड़ावों को दिखाया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करीब 13 वर्ष गुजरात के मुख्यमंत्री और 12 वर्ष से अधिक समय देश के प्रधानमंत्री के रूप में काम किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्गों को ध्यान में रखकर कई योजनाएं लागू की गई हैं।

सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि इस लक्ष्य के साथ छत्तीसगढ़ को भी विकसित राज्य बनाने के लिए मिलकर काम करना होगा।

छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत स्वच्छता, सामाजिक सरोकार, जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की जीवन यात्रा को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताया। कार्यक्रम में बस्तर में शांति, विकास और नक्सलवाद के खिलाफ अभियान का भी उल्लेख किया गया।

Share this Article