जशपुर। ऑनलाइन दोस्ती के बाद एक युवती की निजी तस्वीर और वीडियो वायरल करने की धमकी देने के मामले में जशपुर पुलिस ने उत्तर प्रदेश निवासी एक युवक को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पर निजी सामग्री WhatsApp ग्रुप में प्रसारित करने और युवती तथा उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, 19 वर्षीय युवती की अप्रैल 2024 में 4Fun ऐप के जरिए उत्तर प्रदेश निवासी शोवित उर्फ शोभित कुशवाहा से पहचान हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच WhatsApp पर बातचीत होने लगी। आरोप है कि इसी दौरान वीडियो कॉल के जरिए युवती की निजी तस्वीरें और वीडियो हासिल किए गए।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने वीडियो कॉल की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर निजी सामग्री तैयार की और बाद में उसे WhatsApp ग्रुप में प्रसारित कर दिया। युवती पर आरोपी से बातचीत जारी रखने का दबाव बनाया गया। मना करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
युवती ने 21 जनवरी 2026 को जशपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद सिटी कोतवाली जशपुर में BNS की धारा 79, 351 और आईटी एक्ट की धारा 67 व 67(ए) के तहत मामला दर्ज किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने उत्तर प्रदेश में आरोपी की तलाश की, लेकिन वह वहां नहीं मिला। तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र से उसके दिल्ली में होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस टीम ने उसे वहां से हिरासत में लिया।
पुलिस ने आरोपी के पास से मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड जब्त किए हैं। WhatsApp और मोबाइल गैलरी की जांच कर जरूरी स्क्रीनशॉट सुरक्षित किए गए। पुलिस के मुताबिक पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि निजी तस्वीरों या वीडियो के दुरुपयोग, ब्लैकमेलिंग अथवा धमकी की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें।
