14 साल की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, दो आरोपी गिरफ्तार

admin  - News & Entertainment
2 Min Read

बिलासपुर। मुंगेली जिले के जरहागांव थाना क्षेत्र में 14 वर्षीय छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। छात्रा की बड़ी बहन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, 29 सितंबर की शाम छात्रा अपनी सहेली के घर से लौट रही थी। आरोप है कि रास्ते में साहिल यादव और प्रहलाद धुरी ने उसे रोककर गाली-गलौज और बेल्ट से मारपीट की। दोनों पर छात्रा को घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।

घटना के बाद छात्रा डर के कारण घर नहीं गई और बस से रतनपुर पहुंच गई। वहां एक महिला ने उसकी मदद की। अगले दिन घर लौटते समय वह बरेला पहुंची, जहां आरोप है कि दोनों युवकों ने उसे दोबारा पकड़ लिया और एक मकान में ले गए।

शिकायत के मुताबिक, मकान में छात्रा को नशीला इंजेक्शन दिया गया। इसके बाद उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का आरोप है। घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिवार थाने पहुंचा।

जरहागांव पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की जांच जारी है।

नाबालिग की पहचान कानूनन संरक्षित है, इसलिए उसकी पहचान से जुड़ी कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

Share this Article