मथुरा। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में मंगलवार सुबह यमुना एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लखनऊ से नोएडा जा रही एक वॉल्वो बस आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। हादसे में चार यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 19 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
ओवरस्पीड बनी हादसे की वजह
मथुरा के ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 3:35 बजे हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीसरी लेन में चल रहे ट्रेलर को पीछे से आ रही तेज रफ्तार वॉल्वो बस ने टक्कर मार दी। बस में करीब 65 यात्री सवार थे।
ग्रीन कॉरिडोर बनाकर पहुंचाए गए घायल
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। राहत एवं बचाव कार्य के दौरान बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और ग्रीन कॉरिडोर बनाकर तत्काल अस्पताल भेजा गया, ताकि उन्हें जल्द चिकित्सा सुविधा मिल सके।
बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। ट्रेलर में गिट्टी लदी हुई थी, जबकि बस दिल्ली की ओर जा रही थी। दुर्घटना के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
मृतकों की पहचान की जा रही
पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है, ताकि उनके परिजनों को सूचना दी जा सके। वहीं घायल यात्रियों का इलाज अस्पताल में जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।
