नर्मदापुरम में लिव-इन पार्टनर ने महिला की चाकू मारकर हत्या, पैसों के विवाद में वारदात की आशंका

2 Min Read

नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे एक जोड़े के बीच हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया। आरोप है कि गुस्से में पुरुष साथी ने महिला पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि आरोपी घटना के बाद से फरार है।

किराए के मकान में साथ रहते थे दोनों

मृतका की पहचान 38 वर्षीय आशा यादव के रूप में हुई है। वह मालाखेड़ी रोड स्थित लाइफस्टाइल कॉलोनी के पास अपने लिव-इन पार्टनर गणपत चौरे के साथ किराए के मकान में रहती थीं। बताया जा रहा है कि गणपत नंद विहार कॉलोनी क्षेत्र में काम करता था।

विवाद के बाद किया चाकू से हमला

पुलिस के अनुसार, बुधवार दोपहर नंद विहार इलाके में दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि गणपत ने आशा पर चाकू से हमला कर दिया। हमले में महिला के पेट और सीने पर गंभीर चोटें आईं।

घायल अवस्था में आशा को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उपचार के दौरान गुरुवार रात उनकी मौत हो गई।

अब हत्या का मामला दर्ज करेगी पुलिस

घटना के बाद महिला के बयान के आधार पर पुलिस ने पहले आरोपी के खिलाफ चाकू से हमला करने का मामला दर्ज किया था। अब पीड़िता की मौत के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं जोड़ने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की आशंका

कोतवाली थाना पुलिस आरोपी गणपत चौरे की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। कोतवाली थाना प्रभारी गौरव बुंदेला ने बताया कि शुरुआती जांच में पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि घटना की वास्तविक वजह आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास जारी हैं।

Share this Article