PM Modi in France: पेरिस में भारतीयों को संबोधित करते हुए बोले पीएम मोदी- फ्रांस के कुल घरों से ज्यादा पक्के मकान भारत में बनाए

3 Min Read

पेरिस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को फ्रांस की राजधानी पेरिस में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत की विकास यात्रा और पिछले 12 वर्षों में हुए बदलावों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत तेजी से नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और आज देश के युवा, किसान और महिलाएं नए भारत की पहचान बन रहे हैं।

‘फ्रांस के कुल घरों से ज्यादा पक्के मकान बनाए’

प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने जरूरतमंद परिवारों के लिए जितने पक्के मकान बनाए हैं, उनकी संख्या फ्रांस में मौजूद कुल घरों से भी अधिक है। उन्होंने कहा कि आज का भारत बड़े लक्ष्य तय कर रहा है और उन्हें हासिल करने के लिए तेजी से आगे बढ़ रहा है।

’12 वर्षों में GDP हुई दोगुनी’

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि हाल ही में उनकी सरकार के 12 वर्ष पूरे हुए हैं और लगातार इतने लंबे समय तक देश की सेवा करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि भारत के लोकतंत्र ने एक साधारण चाय बेचने वाले को देश का प्रधानमंत्री बनने का अवसर दिया।

उन्होंने बताया कि पिछले 12 वर्षों में देश की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) दोगुनी हुई है। एयरपोर्ट और विश्वविद्यालयों की संख्या भी लगभग दोगुनी हो चुकी है। राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण की गति तीन गुना बढ़ी है, जबकि मेट्रो नेटवर्क चार गुना विस्तारित हुआ है। इसके अलावा भारत का निर्यात भी कई गुना बढ़ा है और करीब 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं।

‘चंद्रयान के बाद अब स्पेस स्टेशन की तैयारी’

प्रधानमंत्री ने भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि चंद्रयान मिशन ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग कर इतिहास रचा। उन्होंने कहा कि भारत इस उपलब्धि पर रुकने वाला नहीं है। देश गगनयान मिशन की तैयारी कर रहा है और भविष्य में अपना अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित करने की दिशा में भी तेजी से काम कर रहा है।

भारत-फ्रांस संबंधों की भी सराहना

पीएम मोदी ने पेरिस को कला, विचार और नवाचार का शहर बताते हुए कहा कि यहां रह रहे भारतीय समुदाय ने भारत और फ्रांस के संबंधों को नई मजबूती दी है। उन्होंने कहा कि फ्रांस में बसे भारतीय दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Share this Article