मुंबई : एक्ट्रेस हुमा कुरैशी ने सोशल मीडिया के जरिए अपने रूमर्ड बॉयफ्रेंड रचित सिंह को फिल्म इंडस्ट्री में खास अंदाज में इंट्रोड्यूस किया है। रचित जल्द ही सस्पेंस थ्रिलर फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने जा रहे हैं। इस फिल्म में हुमा भी अहम भूमिका निभा रही हैं।हुमा ने इंस्टाग्राम पर रचित की तस्वीरें साझा करते हुए उनके लंबे संघर्ष और मेहनत की सराहना की। उन्होंने बताया कि रचित उत्तर प्रदेश के बनारस से अभिनेता बनने का सपना लेकर मुंबई पहुंचे थे। शुरुआत में सफलता नहीं मिली, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी।

हुमा के मुताबिक, पिछले 10 सालों में रचित ने कई कलाकारों को ट्रेनिंग दी, एक्टिंग वर्कशॉप्स में काम किया और पर्दे के पीछे रहकर दूसरों को आगे बढ़ाया। उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए किसी भी तरह का शॉर्टकट नहीं चुना और लगातार मेहनत करते रहे।हुमा की पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए रचित सिंह ने उन्हें धन्यवाद कहा और मजाकिया अंदाज में लिखा कि “हार्ड लॉन्च करने के लिए शुक्रिया हुमी।” उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्हें खुद पर भरोसा नहीं होता था, तब भी हुमा ने हमेशा उनका साथ दिया और उन पर विश्वास बनाए रखा।

हुमा और रचित के रिश्ते को लेकर चर्चाएं पहले भी सामने आती रही हैं। दोनों को कई मौकों पर साथ देखा गया, हालांकि अब तक दोनों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार नहीं किया है।दोनों जल्द ही फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ में स्क्रीन शेयर करते नजर आएंगे। फिल्म का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है। इसमें हुमा एक ऐसी कॉन्ट्रैक्ट किलर का किरदार निभा रही हैं जो सुन नहीं सकती, जबकि रचित ‘सिद्धू’ के रोल में दिखाई देंगे। फिल्म 3 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
