सागर। बहुचर्चित दीपशिखा हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब चार महीने से फरार चल रहे मुख्य आरोपी सुशील चढ़ार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए पूरी साजिश का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल भी बरामद कर ली है। मामले में हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में आरोपी के चचेरे भाई सौरभ चढ़ार को भी गिरफ्तार किया गया है।
चार महीने तक बदलता रहा ठिकाने, मां की तबीयत बिगड़ने पर लौटा गांव
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदलता रहा। वह मुंबई, पीथमपुरा और अहमदाबाद में छिपकर रह रहा था। पहचान छिपाने के लिए उसने मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी बंद कर दिया था। इसी बीच मां की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर वह गांव लौटा, जहां पुलिस ने उसे दबोच लिया।
नर्स से करता था एकतरफा प्यार, शादी से इनकार के बाद रची साजिश
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने बताया कि 26 वर्षीय दीपशिखा चढ़ार जबलपुर जिले के पाटन की रहने वाली थीं और पिछले दो वर्षों से शाहगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ नर्स के रूप में कार्यरत थीं।
जांच में सामने आया कि आरोपी सुशील चढ़ार दीपशिखा से एकतरफा प्रेम करता था और उससे शादी करना चाहता था। हालांकि परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था। इसी बीच दीपशिखा का विवाह किसी अन्य युवक से तय हो गया। आरोपी ने उस पर शादी के लिए दबाव बनाया, लेकिन दीपशिखा ने साफ इनकार कर दिया।
‘किसी और की होते नहीं देख सकता था’, पूछताछ में किया खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह दीपशिखा को किसी और के साथ नहीं देख सकता था। इसी वजह से उसने उसकी हत्या की योजना बनाई। पुलिस के अनुसार, यह वारदात पहले से सोची-समझी साजिश का हिस्सा थी।
अस्पताल के बाहर रोका, धक्का-मुक्की के बाद की फायरिंग
जांच के मुताबिक, 4 फरवरी की रात दीपशिखा की ड्यूटी रात 8 बजे से सुबह 8 बजे तक थी। वह अपने किराए के मकान से पैदल अस्पताल जा रही थीं। अस्पताल के मुख्य गेट के पास आरोपी ने उन्हें रोक लिया। दोनों के बीच कहासुनी और धक्का-मुक्की हुई, जिसके दौरान दीपशिखा जमीन पर गिर गईं।
इसके बाद आरोपी ने देशी पिस्तौल से तीन गोलियां चलाईं। एक गोली निशाने से चूक गई, जबकि दो गोलियां उनकी पीठ के रास्ते हृदय के पास जा लगीं। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथियार भी किया बरामद
पुलिस ने जांच के दौरान हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्तौल बरामद कर ली है। साथ ही हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में आरोपी के चचेरे भाई सौरभ चढ़ार को भी सहआरोपी बनाते हुए गिरफ्तार किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
